विश्व पर्यावरण दिवस पर समाहरणालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के नेतृत्व में चला हरित अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प।

साहिबगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे के नेतृत्व में भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
वृक्षारोपण के उपरांत उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, स्वच्छ वायु और स्वस्थ भविष्य के आधार भी हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व बन चुका है। यदि आज प्रकृति को संरक्षित नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों एवं सम्मान समारोहों में पारंपरिक गुलदस्तों के स्थान पर पौधे अथवा पुस्तक भेंट करने की परंपरा को बढ़ावा दिया जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ज्ञानवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमोद आनंद, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का तथा जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन सहित अन्य अधिकारियों ने भी समाहरणालय परिसर में फलदार एवं छायादार वृक्षों का पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण के संवर्धन हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला स्तरीय पदाधिकारी, समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।“एक वृक्ष, अनेक जीवन — आइए, पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी बनाएं।”


