पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर राजमहल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न।
सच और न्याय की जीत” बताकर नेताओं ने जताई खुशी, मिठाई खिलाकर मनाया उत्सव।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल सर्किट हाउस में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र ठाकुर के नेतृत्व में झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह पाकुड़ विधानसभा के पूर्व विधायक आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने की खुशी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।
जमानत की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा आलमगीर आलम के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे “सच और न्याय की जीत” बताया। नेताओं ने कहा कि उन्हें शुरू से ही न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और अंततः सत्य की जीत हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आलमगीर आलम हमेशा गरीबों, मजदूरों, मजलूमों और आम जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रिय नेता रहे हैं। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के हित में लगातार कार्य किया है और जनता के बीच उनकी मजबूत पहचान रही है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत आलमगीर आलम को परेशान किया गया। हालांकि, न्यायपालिका ने निष्पक्ष फैसला देकर लोकतंत्र और संविधान की गरिमा को मजबूत करने का कार्य किया है।
नेताओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है और इसे न्याय की जीत के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मो. रफाजुल अहमद, अल्पसंख्यक जिला महासचिव मो. इकबाल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष तनवीर राजा, राजमहल प्रखंड कांग्रेस महासचिव लक्ष्मण मंडल सहित प्रदीप, सोनू घोष, इदरीस चिश्ती, मो. गुफरान, सुभाष रजक, मो. वसीम, जाहिद कलमी, मो. गुलाब, मुरासलीम एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


