पाकुड़ में आयुष जांच शिविरों का सफल आयोजन, 169 लोगों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगे शिविरों में रक्तचाप, मधुमेह व अन्य रोगों की जांच, मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ भी दी गईं।

पाकुड़। जिले में आयुष विभाग की पहल पर विभिन्न प्रखंडों में आयोजित आयुष जांच शिविरों में कुल 169 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना था।
जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के अमड़ापाड़ा एवं गोरपाड़ा, पाकुड़िया प्रखंड के फुलझिंझरी तथा पाकुड़ प्रखंड के इलामी में इन शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. मिथिलेश सिंह, डॉ. सौरभ विश्वास, डॉ. अबू तालिब शेख एवं डॉ. कुलेश कुमार ने बताया कि शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया रोग, बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित कई सामान्य रोगों की जांच की गई। सभी लाभुकों को आवश्यक दवाइयाँ भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें अपने गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। आयुष विभाग की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




