Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

जिला योजना अनाबद्ध निधि योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न, समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक, घटिया निर्माण पर भुगतान रोकने की चेतावनी, लंबित योजनाओं को तत्काल शुरू करने का निर्देश।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में घटिया या खराब निर्माण कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सभी कार्यों का नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया ताकि आम जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं का एग्रीमेंट हो चुका है, उन्हें बिना किसी देरी के तत्काल धरातल पर शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लंबित रहने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए सभी एजेंसियां गंभीरता से कार्य करें।

बैठक में अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करें और सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भूमि एवं वन संबंधी मुद्दों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी योजना में लैंड या फॉरेस्ट से जुड़ी समस्या आ रही है, तो उसका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर करना आवश्यक है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर विशेष बल दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से ही आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और विकास की गति तेज होगी।

इस बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!