Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में पेयजल संकट, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं पर विधायक एमटी राजा का जोर—दिशा बैठक में उठाए कई अहम मुद्दे।

ड्राई जोन में डीप बोरिंग, जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण और अस्पतालों में एंबुलेंस बढ़ाने की मांग।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र से जुड़े जनहित और विकास के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से बढ़ती गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसे में लोगों को पानी की किल्लत से बचाने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को राजमहल विधानसभा के ड्राई जोन क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर डीप बोरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

एमटी राजा ने क्षेत्र के उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय एवं मदरसों के जर्जर भवनों की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन भवनों का शीघ्र पुनर्निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग को जल्द प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश देने की मांग की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विधायक ने राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल और उधवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कम से कम दो-दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है।

साहिबगंज सदर प्रखंड के दियारा क्षेत्र में हजारों एकड़ कृषि भूमि बिजली के अभाव में सिंचाई से वंचित है। इस समस्या को उठाते हुए विधायक ने कृषि विद्युत कनेक्शन की दिशा में जल्द पहल करने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके और कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सके।

विधायक एमटी राजा ने सड़क, शिक्षा, भवन निर्माण, स्वास्थ्य समेत दर्जनों महत्वपूर्ण मुद्दों को बैठक में रखते हुए कहा कि राजमहल विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रखंडों और दो नगर क्षेत्रों में सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को विकास का सीधा लाभ मिल सके।

दिशा बैठक में उठाए गए इन मुद्दों से साफ है कि राजमहल क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं। विधायक ने संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई कर आम लोगों को राहत पहुंचाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!