सदर अस्पताल साहिबगंज में रक्तदान शिविर आयोजित, उपायुक्त हेमंत सती ने किया शुभारंभ।
हर माह 300 यूनिट रक्त की आवश्यकता, समाज से सहयोग की अपील।

साहिबगंज। सदर अस्पताल परिसर में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि रक्त एक ऐसा अमूल्य संसाधन है जिसे किसी भी कीमत पर खरीदा नहीं जा सकता, यह केवल दान के माध्यम से ही प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया के मरीजों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता अत्यधिक बढ़ जाती है, ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं एवं होमगार्ड जवानों की सराहना की।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में प्रतिमाह लगभग 300 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए नियमित रूप से अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिले में 54 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से कुल 2732 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। हालांकि यह आंकड़ा आवश्यकताओं की तुलना में अभी भी कम है। उन्होंने निजी नर्सिंग होम एवं समाज के सभी वर्गों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार सहित अन्य चिकित्सक, जिला प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
रक्तदान न केवल एक सामाजिक दायित्व है, बल्कि यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा।




