सीआईबी मालदा की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 60 लीटर अवैध देशी शराब बरामद।
एक तस्कर गिरफ्तार, 16 वर्षीय नाबालिग निरुद्ध; जब्त शराब की कीमत करीब 13 हजार रुपये।

साहिबगंज। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईबी मालदा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर से 60 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक 16 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर 27 नवंबर 2026 को सीआईबी मालदा की टीम ने बरहरवा से साहिबगंज रेलवे स्टेशन तक उक्त ट्रेन में विशेष जांच अभियान चलाया। इसी क्रम में दोपहर करीब 14:40 बजे करनपुरातो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर टीम ने तीन व्यक्तियों को प्लास्टिक के कई थैलों के साथ सामान्य कोच में सवार होते देखा। संदेह होने पर जांच टीम ने उनका पीछा कर सामान की तलाशी ली। इस दौरान झारखंड में बिक्री के लिए निर्धारित रॉयल झारखंड डिलक्स देशी शराब के कार्टन बरामद हुए। संबंधित व्यक्ति शराब के परिवहन एवं कब्जे से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में दो व्यक्तियों की पहचान आशीष कुमार 23 वर्ष पिता चंदन कुमार मंडल तथा सौरभ कुमार 16 वर्ष, पिता राम तहल मंडल, दोनों निवासी ग्राम लैलाख, पोस्ट ममलखा, थाना सबौर, जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुई। बाद में करीब 15:16 बजे ट्रेन के साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के अधिकारियों एवं जवानों के सहयोग से दोनों को शराब सहित ट्रेन से उतारा गया।

इसके बाद सीआईबी मालदा के एसआई एन.के. सिंह ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कुल 200 बोतल शराब जब्त की। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी, इस प्रकार कुल 60 लीटर शराब बरामद हुई। शराब आठ कार्टन में पैक थी, जिसे छह प्लास्टिक के थैलों में रखा गया था।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आशीष कुमार को शाम 16:35 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग सौरभ कुमार को 16:40 बजे संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत निरुद्ध किया गया। दोनों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कार्रवाई के कारणों की जानकारी दी गई तथा उनकी इच्छा के अनुसार परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शराब को अवैध बिक्री एवं आर्थिक लाभ के उद्देश्य से बिहार ले जाया जा रहा था। यह मामला बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन से जुड़ा है। आवश्यक कार्रवाई के बाद गिरफ्तार युवक, निरुद्ध नाबालिग, जब्त शराब एवं संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया।



