झारखंड

संविधान दिवस पर व्यवहार न्यायालय में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, न्यायिक अधिकारियों ने लिया संकल्प।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष ने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ, जिले के विद्यालयों और प्रखंडों में भी हुए जागरूकता कार्यक्रम।

साहिबगंज। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष ने न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई तथा उसमें निहित मूल आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च विधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक भी है। इसलिए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाना सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं अन्य सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। साथ ही संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं उसकी मूल भावना को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय संजय कुमार उपाध्याय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय शिव करण, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राकेश मिश्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिंधुनाथ लमाये, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक प्रसाद, वरीय सिविल न्यायाधीश आलोक मरांडी, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी रिचेस कुमार, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल-सह-न्याय रक्षक अरविन्द गोयल एवं उनकी टीम, न्यायालय के कर्मचारी तथा पारा लीगल वॉलंटियर्स उपस्थित थे।

वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पारा लीगल वॉलंटियर्स न्याय मित्रों ने बच्चों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया तथा उन्हें नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं आम नागरिकों में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!