स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर प्रशासन का विशेष जोर, उपायुक्त ने दिए कई अहम निर्देश।
जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला अस्पताल प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और एंबुलेंस सेवा को दुरुस्त रखने पर हुई चर्चा।

साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला अस्पताल प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने, आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सिविल कार्यों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही विशेषज्ञ एवं सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों, एक्स-रे टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन सहित आवश्यक चिकित्सा एवं तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करने की बात कही। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस, कैंटीन, जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी एवं गार्ड रूम जैसी सुविधाओं के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का भी निर्देश दिया गया।
108 एंबुलेंस सेवा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने खराब एंबुलेंस की मरम्मत जल्द पूरी कराने तथा सभी एंबुलेंस को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर बल दिया।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों की पहचान, अधिसूचना एवं उपचार की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बरहरवा सहित अन्य क्षेत्रों में टीबी मरीजों की अधिसूचना में सुधार लाने तथा निजी चिकित्सकों द्वारा चिह्नित मरीजों का विवरण समय पर पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश दिया।

इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, पल्स पोलियो, मलेरिया, कालाजार, फाइलेरिया एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




