झारखंड

एमडीएमए ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 17.39 ग्राम मादक पदार्थ बरामद।

राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा दियारा में पुलिस की छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

राधानगर साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के चामाग्राम केलभेट स्थित पूर्वी उधवा दियारा के पास पुलिस ने छापेमारी कर एमडीएमए ड्रग्स जैसे पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीर शेख 48 वर्ष, पिता स्वर्गीय हाजी गयासुद्दीन शेख तथा करीम शेख 37 वर्ष पिता स्वर्गीय अताउर शेख, दोनों निवासी अमानत, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 17.39 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जैसा पदार्थ बरामद किया है।

इस संबंध में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 24 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:10 बजे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि राधानगर थाना क्षेत्र के चामाग्राम केलभेट स्थित पूर्वी उधवा दियारा के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।

सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उधवा अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान अमीर शेख के जैकेट के बाएं पॉकेट से एक पारदर्शी जिप प्लास्टिक में रखा करीब 12.38 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जैसा पदार्थ बरामद किया गया। वहीं, दूसरे आरोपी करीम शेख के जींस पैंट के पीछे वाले पॉकेट में रखे पर्स से करीब 05.01 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जैसा पदार्थ बरामद किया गया। दोनों बरामदगियां अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल की उपस्थिति में की गईं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार किया है। इस मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 407/26, दिनांक 24.नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 27 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की अनुसंधान की जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

छापेमारी दल में राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार, संग्राम सिंह सोय, प्रभा शंकर दुबे, सुनील कुमार मेहता, शशिकांत यादव, हवलदार शशिभूषण सिंह, राजकिशोर यादव, राधानगर थाना रिजर्व गार्ड के आरक्षी संख्या 371 अनवर अंसारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!