ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने का उपायुक्त ने दिया निर्देश।
साहिबगंज मेगा जलापूर्ति योजना के तीनों भागों का कार्य शीघ्र शुरू कराने और लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, साहिबगंज के अंतर्गत संचालित विभिन्न ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने साहिबगंज मेगा जलापूर्ति योजना के तीनों भागों, राजमहल मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना, बरहेट मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना एवं साहिबगंज मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने तालझारी एवं बोरियो प्रखंड की सम्पूर्ण आच्छादन ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा। वहीं, मंडरो प्रखंड की जलापूर्ति योजना के सभी घटकों पर समानांतर रूप से कार्य कराने तथा पाइपलाइन बिछाने का काम भी तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बरहेट बाजार एवं सन्निकट ग्राम ग्रामीण जलापूर्ति योजना को शीघ्र पूर्ण करने तथा साहिबगंज-गोड्डा-दुमका मेगा बल्क जलापूर्ति योजना के सभी घटकों पर एक साथ कार्य कराते हुए समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी कनीय अभियंताओं को भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी योजनाओं की अद्यतन प्रगति एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी समीक्षा बैठक में सभी कनीय अभियंता अद्यतन जांच प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहेंगे। साथ ही, जिन जलापूर्ति योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव की अवधि समाप्त हो चुकी है और वे वर्तमान में बंद हैं, उनकी सूची तैयार कर स्थिति का आकलन करने तथा जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
जनता दरबार में पेयजलापूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन क्षेत्रों में नई जलापूर्ति योजना की आवश्यकता है, वहां प्राक्कलन तैयार कर उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि आमजनों को नियमित एवं सुचारु रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह, सहायक अभियंता गौरव कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के सभी कनीय अभियंता, बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं से जुड़े संवेदक तथा जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के सभी जिला समन्वयक उपस्थित थे।




