बरहरवा रेलवे स्टेशन पर भटके दो नाबालिग बच्चों को RPF ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकले थे दोनों बच्चे, आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बाल संरक्षण संस्था साहिबगंज को सौंपा गया।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे सुरक्षा बल RPF बरहरवा की सतर्कता से मंगलवार को बरहरवा रेलवे स्टेशन पर भटक रहे दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को बाल संरक्षण संस्था, साहिबगंज के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 08:45 बजे RPF पोस्ट बरहरवा के SI एल.बी. मांझी एवं CT अजय कुमार रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर संदिग्ध अवस्था में बिना किसी उद्देश्य के घूम रहे दो नाबालिग बच्चों पर पड़ी। संदेह होने पर RPF कर्मियों ने दोनों बच्चों से पूछताछ की। पूछताछ में उनकी उम्र क्रमशः 10 और 11 वर्ष बताई गई।
बच्चों ने बताया कि वे अपने परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकल आए थे और ट्रेन में सवार होकर बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे। ट्रेन से उतरने के बाद वे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर घूम रहे थे।
बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए RPF कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित RPF पोस्ट बरहरवा पहुंचाया और तत्काल बाल संरक्षण संस्था, साहिबगंज को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर बाल संरक्षण संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल RPF पोस्ट बरहरवा पहुंचीं। इसके बाद आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर दोनों बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया। अब संस्था द्वारा बच्चों के पुनर्वास एवं उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
RPF बरहरवा द्वारा रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण तथा मानव तस्करी और बाल अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
RPF ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं और समस्याओं को समझें तथा उनकी उचित देखभाल करें। साथ ही बच्चों को बिना बताए घर से बाहर न जाने के प्रति जागरूक करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




