दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व को लेकर राजमहल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित।
आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील, विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजमहल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने की। मौके पर राजमहल अंचलधिकारी मो यूसुफ, राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन, एवं राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी राजमहल नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख एवं सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व के मद्देनजर पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और सतर्कता बरतने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। इसलिए सभी समुदायों के लोग आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने के लिए जागरूक करने की अपील की। साथ ही अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेंगे।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और राजमहल क्षेत्र की वर्षों पुरानी आपसी प्रेम, एकता एवं भाईचारे की परंपरा को कायम रखने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा कहा कि सभी समुदायों के सामूहिक प्रयास से ही पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सकते हैं।

बैठक में राजकुमार मंडल, अजय कुमार चौधरी, उज्ज्वल कुमार हलदार, राजू सरकार, आमिर कुमार मंडल, मो. बरकत अली, पंकज घोष, मो. मोतियुर रहमान, मनोज कुमार चौरसिया, मोहन कुमार गुप्ता, वासुदेव मंडल, सोनू घोष एवं पवन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक के माध्यम से प्रशासन ने आम नागरिकों से आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व मनाने की अपील करते हुए सामाजिक एकता की परंपरा को बनाए रखने का संदेश दिया।




