झारखंड

रक्तदान महादान: साहिबगंज में दो दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन, आमजनों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील।

30 अक्टूबर को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और 31 अक्टूबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में लगेगा शिविर, सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा रक्तदान।

साहिबगंज। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साहिबगंज जिले में दो दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), साहिबगंज में तथा 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, साहिबगंज में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दोनों दिन शिविर की शुरुआत पूर्वाह्न 10:30 बजे से होगी।

सिविल सर्जन ने आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के सभी जागरूक लोगों से शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने और नई उम्मीद देने में सहायक हो सकता है।

उन्होंने लोगों से स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनभागीदारी बढ़ने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय कार्य से जोड़ना है। आमजनों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर मानवता की सेवा में योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!