विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की उपायुक्त ने की समीक्षा, लंबित कार्यों को तीन दिनों में पूरा करने का निर्देश।
कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस, बीएलओ सुपरवाइजर के कार्यों की हुई समीक्षा; निर्धारित समय-सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने का दिया निर्देश।

साहिबगंज।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में गुरुवार को कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत संचालित कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रवार प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजर के कार्यों का जायजा लिया। इस क्रम में कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों को चिह्नित कर वहां कार्यों की स्थिति की विशेष समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अगले तीन दिनों के भीतर सभी लंबित कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाएं तथा कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।




