सड़क सुरक्षा को लेकर तीनपहाड़ थाना में iRAD-eDAR पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित।
दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने और सड़क हादसों से जुड़े आंकड़ों की समयबद्ध प्रविष्टि पर दिया गया जोर, ब्रेथ एनालाइजर, हिट एंड रन मामलों एवं नेक नागरिक के कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी।

तीनपहाड़ साहिबगंज। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को तीनपहाड़ थाना परिसर में iRAD-eDAR पोर्टल को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की सटीक एवं समयबद्ध प्रविष्टि, पोर्टल के प्रभावी उपयोग और दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना से जुड़े सभी आवश्यक आंकड़ों, दस्तावेजों एवं जानकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर iRAD-eDAR पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। इससे दुर्घटना के मामलों का पारदर्शी तरीके से प्रबंधन करने के साथ पीड़ितों को मुआवजा एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकेगी। इस दौरान पोर्टल के माध्यम से दुर्घटना से संबंधित मामलों की निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम में एल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी देते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच करने की विधि एवं आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया। साथ ही हिट एंड रन Hit and Run) दुर्घटना मामलों के प्रबंधन, संबंधित दिशा-निर्देशों तथा ऐसे मामलों में पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा नेक नागरिक (Good Samaritan) से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित एवं संरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा विशेष प्रावधान किए गए हैं। आम लोगों को बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने तथा घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में थाना प्रभारी गौरव भगत, iRAD-eDAR मैनेजर मनोज कुमार NIC साहिबगंज सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सूचनाओं का त्वरित एवं पारदर्शी प्रबंधन, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा पीड़ितों को समयबद्ध सहायता एवं मुआवजा सुनिश्चित करना था।



