SIR-2026 एवं झारखंड स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की वर्चुअल बैठक।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश, 15 नवंबर को सभी पंचायत भवनों में होगी विशेष ग्रामसभा।

पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पाकुड़ की अध्यक्षता में SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एवं आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले झारखंड राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं पंचायत सचिव शामिल हुए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा दस्तावेजों के संग्रहण एवं सत्यापन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं के दस्तावेजों के सत्यापन में कठिनाई हो रही है, उनकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। साथ ही पंचायत सचिवों एवं संबंधित सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने 15 नवंबर को सभी पंचायत भवनों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामसभाओं में अधिकाधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राज्य की ऐतिहासिक विरासत, जनजातीय गौरव एवं स्थापना दिवस के महत्व की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामसभा के दौरान SIR-2026 से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
इसके अलावा पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर स्वच्छता अभियान और श्रमदान सहित निर्धारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर कार्यक्रमों का सफल आयोजन करने को कहा।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, सक्रिय सहभागिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए SIR-2026 और झारखंड राज्य स्थापना दिवस से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया।



