राजमहल में विधानसभा स्तरीय ईएलसी प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित, 19 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा।
शिवम कुमार ने प्राप्त किया प्रथम स्थान, टॉप-10 प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल; एसडीओ सदानंद महतो ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड कार्यालय में राजमहल विधानसभा स्तरीय ईएलसी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजमहल विधानसभा क्षेत्र के राजमहल, उधवा एवं साहिबगंज प्रखंडों से चयनित कुल 19 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में निर्वाचन से संबंधित कुल 25 प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को सभी प्रश्नों के उत्तर देने के लिए 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एसडीओ सदानंद महतो ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी भविष्य के मतदाता हैं। इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर न केवल अपना ज्ञान बढ़ाएं, बल्कि समाज में भी मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाएं, ताकि लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि जब भावी पीढ़ी जागरूक होकर समाज के विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करती है, तो समाज में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्लस टू जेके उच्च विद्यालय, राजमहल के शिवम कुमार ने प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, राजमहल की शाम्भवी शिवमणि ने हासिल किया। तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से मॉडल स्कूल, राजमहल के कामदेव पंडित एवं संत जेवियर स्कूल, साहिबगंज की एंजेल तहसीन हुसैन रहीं।
प्रतियोगिता में सफल टॉप-10 प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मो. यूसुफ, बीपीओ गगन बापू, ईएलसी नोडल पदाधिकारी मजहरुल हक, बाबूलाल मंडल, कुणाल किशोर, मो. कबीर अली सहित अन्य उपस्थित थे।




