झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का जिला स्तरीय समापन समारोह आयोजित, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित।
ICT चैंपियनशिप एवं ओलंपियाड के राज्य स्तरीय विजेताओं को टैब-लैपटॉप देकर किया प्रोत्साहित, 12 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना, साहिबगंज की ओर से शनिवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या पोखरिया में जिला स्तरीय समापन समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिले के 12 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में ICT Championship 2025 एवं ओलंपियाड की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त ने टैब और लैपटॉप देकर सम्मानित किया। ICT Championship 2025 में जेके उच्च विद्यालय, राजमहल के शिवम कुमार तथा प्लस टू एसएसडी उच्च विद्यालय, बरहेट के अरमान अहमद को सम्मानित किया गया। वहीं, ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्य विद्यालय विशनपुर, पतना के छात्र सत्यम कुमार भगत को पुरस्कृत किया गया।

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विद्यालय स्तर पर आयोजित क्विज, नृत्य, गायन, नाटक, कथावाचन, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 6 से 8 वर्ग में क्विज प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुलिस लाइन, बोरियो की चिन्दवासिनी कुमारी, नृत्य, गायन, नाटक एवं कथावाचन में पीएमश्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बड़ा पचगढ़, बोरियो की दृष्टि कुमारी, निबंध लेखन में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या उच्च विद्यालय, साहिबगंज की लूसी हांसदा तथा चित्रकला में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुलिस लाइन, बोरियो की पीहू कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, कक्षा 9 से 12 वर्ग की प्रतियोगिताओं में क्विज में साक्षी कुमारी गोंड, नृत्य, गायन, नाटक एवं कथावाचन में वर्षा कुमारी, निबंध लेखन में खुशबू कुमारी तथा चित्रकला में अर्चना कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इन सभी छात्राओं ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या पोखरिया, साहिबगंज का प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ें। शिक्षा के माध्यम से वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नवनियुक्त सहायक आचार्यों से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा सहित समग्र शिक्षा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




