झारखंड

10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं।

झारखंड स्थापना दिवस पर समाहरणालय सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण-सह-सम्मान समारोह आयोजित, खेलो झारखंड 2026-27 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित।

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में नियुक्ति पत्र वितरण-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने नव नियुक्त सहायक आचार्यों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पाकुड़ जिले के बच्चे प्रतिभाशाली हैं। उन्हें उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालयों में संचालित तीन शैक्षणिक मॉड्यूल का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि बच्चों के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही, जिले में संचालित बाल विवाह उन्मूलन अभियान ‘प्रोजेक्ट तारा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में शिक्षकों और विद्यालयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक बाल विवाह की आशंका वाले मामलों की समय रहते पहचान कर बच्चों एवं उनके परिवारों को जागरूक करने में सहयोग करें।

खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले के बालक एवं बालिका खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेलो झारखंड 2026-27 में खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों के अनुरूप खेल सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों, विद्यालयों और जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयास से जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन और बेहतर होगा तथा राज्य स्तर पर पाकुड़ की रैंकिंग में भी सुधार आएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं, खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!