झारखंड

बरहरवा में मानव तस्करी की आशंका पर बड़ी कार्रवाई, सात नाबालिग बच्चों को कराया गया रेस्क्यू।

तमिलनाडु के सलेम ले जाकर बागान में काम कराने की थी योजना, आरपीएफ ने एक संदिग्ध आरोपी को किया गिरफ्तार।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ पोस्ट बरहरवा ने मानव तस्करी की आशंका पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात बच्चों को रेस्क्यू किया है। इस मामले में बच्चों को अपने साथ तमिलनाडु के सलेम ले जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 27 नवंबर 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित प्रतीक्षालय में छापेमारी कर सात बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस अभियान में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, सतीश कुमार, अनिल कुमार साह तथा मंथन संस्था, बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं। मौके से गुलाम रसूल 27 वर्ष, निवासी उत्तरी सरफराजगंज, फुदकीपुर, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सातों बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और वहां से दूसरी ट्रेन के माध्यम से तमिलनाडु के सलेम ले जाने की तैयारी में था। वहां बच्चों से आम के बागानों की सफाई, पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने का काम कराया जाना था। इसके एवज में प्रत्येक बच्चे के लिए लगभग 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बच्चों से प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक काम कराया जाना था और इसके बदले उसे बागान मालिक से कमीशन मिलता।

रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष, जबकि शेष छह बच्चों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। बच्चों से कीटनाशक दवाओं के संपर्क में रहकर काम कराने और लंबे समय तक श्रम करवाने की योजना से उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी।

गिरफ्तार आरोपी गुलाम रसूल को आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार की लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया। शिकायत के आधार पर जीआरपी बरहरवा ने कांड संख्या 65/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम JJ Act की धारा 75/81 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

वहीं, रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक संरक्षण, देखभाल एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई है।

आरपीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों को मजदूरी या शोषण के उद्देश्य से ले जाने जैसी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!