विश्व पर्यावरण दिवस पर पाकुड़ में स्वच्छता, पौधारोपण एवं ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ का आयोजन।
उपायुक्त एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने किया पौधारोपण, छात्राओं ने वॉल पेंटिंग के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पाकुड़ में जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, वॉल पेंटिंग एवं ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान के साथ हुई। इस अभियान में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी पाकुड़ सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इसके उपरांत परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इसके पश्चात सिद्धो-कान्हू पार्क में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं राज स्कूल, पाकुड़ की छात्राओं द्वारा आकर्षक वॉल पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित जीवनशैली का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों ने छात्राओं के साथ पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह दौड़ वीआईपी रोड से प्रारंभ होकर डीएफओ आवास तक आयोजित की गई। दौड़ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, वॉल पेंटिंग एवं मैराथन जैसी गतिविधियों का उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। यदि हम सभी पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
उन्होंने आमजन से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा हरित, स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक एवं उत्तरदायी बनाना है। विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण, पेंटिंग, स्वच्छता अभियान एवं ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश समाज तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। अधिक से अधिक पौधारोपण, जल संचयन एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के माध्यम से ही हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा अपने स्तर पर सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने दुर्गापुर स्थित निर्माणाधीन फॉसिल्स पार्क का निरीक्षण किया।
इस दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी ने पार्क की अवधारणा, निर्माण कार्य की प्रगति तथा इसके शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं पर्यटन महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फॉसिल्स पार्क क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत एवं भू-वैज्ञानिक इतिहास को संरक्षित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

