बाल गृह में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित।
बच्चों को उनके अधिकार, संरक्षण कानून एवं निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई विस्तृत जानकारी।

साहिबगंज। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में बाल गृह, साहिबगंज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बाल गृह में रह रहे बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने बच्चों को बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं असहाय बच्चों को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है। साथ ही बच्चों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकार सदैव तत्पर रहता है।
शिविर के दौरान बच्चों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बच्चों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बाल गृह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। इसमें शिक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं का निरीक्षण किया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना किसी संकोच के संबंधित अधिकारियों अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं।
विश्वनाथ भगत ने कहा कि बाल गृह में रह रहे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, बाल गृह की अधीक्षक, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके समुचित विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
यह आयोजन बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं उनके समुचित विकास के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

