साहिबगंज में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा–2025 शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक संपन्न।
13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, कड़ी सुरक्षा और निगरानी में पारदर्शी ढंग से आयोजन।
साहिबगंज। झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 का आयोजन साहिबगंज जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई।
परीक्षा केंद्रों में राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ शामिल रहे।
प्रथम पाली में कुल 3653 परीक्षार्थियों में से 2205 उपस्थित हुए, जबकि 1448 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में भी कुल 3653 में से 2203 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 1450 अनुपस्थित दर्ज किए गए।
परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू रही।
जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी में तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।




