अंबेडकर जयंती पर पाकुड़ में श्रद्धा का सैलाब, अधिकारियों ने माल्यार्पण कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
अंबेडकर चौक और समाहरणालय परिसर में गरिमामय आयोजन, सामाजिक न्याय के संदेश को किया गया आत्मसात।

पाकुड़। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पाकुड़ के अंबेडकर चौक में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला योजना पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, एसडीपीओ पाकुड़ डीएन आजाद, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इसके अलावा समाहरणालय परिसर में भी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान बाबा साहेब के आदर्शों और उनके विचारों को याद करते हुए सामाजिक समानता और न्याय के प्रति संकल्प दोहराया गया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता, न्याय और मानवाधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी एक समतामूलक, सशक्त और विकसित समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

अंबेडकर जयंती का यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर रहा, बल्कि समाज में समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बना। बाबा साहेब के विचार आज भी हर पीढ़ी को आगे बढ़ने और समाज को बेहतर बनाने की प्रेरणा देते हैं।




