बरहरवा में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन से 8 चोरी के मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार।
नई दिल्ली–मालदा टाउन एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में करता था चोरी, ₹5 लाख से अधिक के मोबाइल बरामद।

बरहरवा साहिबगंज।बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन संख्या 14004 नई दिल्ली–मालदा टाउन एक्सप्रेस में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 8 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹5,01,992/- है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार को रात्रि लगभग 20:55 बजे विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि उक्त ट्रेन में एक व्यक्ति यात्रियों के चोरी किए गए मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने अपनी टीम के साथ तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ बरहरवा एवं सीआईबी आरपीएफ मालदा की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार, कांस्टेबल अनिल कुमार साह, कांस्टेबल अजय कुमार, एएसआई बबूल दास, कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल नितेश कुमार, हेड कांस्टेबल ए.के. साह सहित सीआईबी मालदा के इंस्पेक्टर राज कुमार के नेतृत्व में एएसआई रवि शंकर यादव, एसआई नंदन कुमार सिंह एवं हेड कांस्टेबल नुपुर बरन मिद्या शामिल थे।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर लगभग 21:05 बजे पहुंचते ही टीम ने सामान्य कोच (GS कोच संख्या NR-163408 C) में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के शरीर पर पहनी हॉफ गंजी में बने गुप्त पॉकेट से 8 चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी मोबाइल बिना सिम कार्ड के लॉक स्थिति में पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकबाल शेख (उम्र 57 वर्ष), पिता मेघु शेख, निवासी ग्राम महब्बतपुर, थाना कालियाचक, जिला मालदा पश्चिम बंगाल बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने नई दिल्ली से बरहरवा के बीच यात्रा के दौरान यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे।
आरोपी को प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर उतारकर उसके कब्जे से सभी मोबाइल फोन विधिवत जब्त किए गए। जब्ती की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। स्वतंत्र गवाहों को शामिल करने का प्रयास किया गया, परंतु किसी ने सहमति नहीं दी।
बरामद मोबाइल में OnePlus, POCO, Samsung, Vivo, Motorola और Apple iPhone जैसे ब्रांड शामिल हैं। सभी मोबाइल बिना सिम कार्ड के लॉक स्थिति में पाए गए। कुल मूल्य ₹5,01,992/- आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत सूचना उसके परिवार को देने के बाद, सभी जब्त मोबाइल, संबंधित दस्तावेज एवं शिकायत पत्र के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया है।




