जिले में आयोजित आयुष जांच शिविर में 148 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण।
आयुष विभाग की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँची स्वास्थ्य सेवाएँ, मरीजों को निःशुल्क दवा एवं परामर्श उपलब्ध।

पाकुड़। आयुष विभाग, पाकुड़ की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 148 लाभुकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
यह शिविर लिट्टीपाड़ा प्रखंड के करियोडीह, अमड़ापाड़ा प्रखंड के मालीपाड़ा, पाकुड़िया प्रखंड के बड़ासिंहपुर तथा हिरणपुर प्रखंड के करणडंगा में आयोजित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और आयुष विभाग की इस पहल की सराहना की।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अशोक मेहता, डॉ. मिथिलेश, डॉ. बीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा एवं डॉ. लवकुश यादव ने बताया कि शिविर के दौरान लोगों की रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (डायबिटीज), जोड़ एवं गठिया रोग, बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित अन्य सामान्य रोगों की जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ मुफ्त दवाइयाँ भी वितरित की गईं।

चिकित्सकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों के आयोजन से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही संभव हो पा रही है।
आयुष विभाग की इस पहल से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा लोगों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।


