बरहरवा रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू।
आरपीएफ ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे बच्चों को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्प लाइन के सुपुर्द किया।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर 27 सितंबर 2026 को राउंड-कम-सर्च ड्यूटी के दौरान आरपीएफ ने दो नाबालिग बच्चों को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों बच्चों को रेस्क्यू कर आवश्यक कार्रवाई के बाद चाइल्ड हेल्प लाइन रेलवे, साहिबगंज के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई ए.के. हांसदा, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल बाबलू कुमार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित फुट ओवरब्रिज के समीप साहिबगंज छोर पर करीब रात दो बजे राउंड-कम-सर्च ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान दो नाबालिग बच्चे संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूमते मिले।
पूछताछ में दोनों ने अपनी उम्र करीब 14 वर्ष बताई। एक बच्चा पाकुड़ थाना क्षेत्र के पीथीनगर तथा दूसरा मोनमपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया। पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान एक बच्चे ने बताया कि उसकी जैविक मां का निधन हो चुका है और सौतेली मां द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। उसने यह भी बताया कि उसके पिता नशे के आदी हैं। इसी कारण वह अपने एक मित्र के साथ घर से निकलकर टोटो से बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंच गया था।
दूसरे बच्चे ने बताया कि दोनों आपस में मित्र हैं और दोस्ती के कारण बरहरवा स्टेशन आए थे। दोनों किसी ट्रेन से बाहर जाने की योजना बना रहे थे।
बच्चों की कम उम्र, उनकी संवेदनशील स्थिति तथा स्टेशन आने और वहां ठहरने के उद्देश्य के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर आरपीएफ ने उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोनों को रेस्क्यू कर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया।
इसके बाद चाइल्ड हेल्प लाइन रेलवे, साहिबगंज को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर राधेश्याम एवं किरण कुमारी चाइल्ड हेल्प लाइन रेलवे, साहिबगंज की टीम आरपीएफ पोस्ट बरहरवा पहुंची। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों नाबालिग बच्चों को उनकी सुरक्षा, देखभाल एवं आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्प लाइन रेलवे, साहिबगंज के सुपुर्द कर दिया गया।




