Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

जीवनपुर संथाली टोला में ग्रामीणों से मिले बरकत खान, जनसमस्याओं के समाधान का दिया भरोसा।

राशन, पेंशन, सड़क, बिजली व पेयजल से जुड़ी समस्याएं ग्रामीणों ने रखीं; SIR को लेकर भी किया जागरूक।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड अंतर्गत कोटालपोखर पंचायत के जीवनपुर संथाली टोला में जिला कांग्रेस कमिटी, साहिबगंज के जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने राशन, पेंशन, सड़क, बिजली, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने राशन वितरण में निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायत करते हुए मामले की जांच कराने तथा पात्र लाभुकों को नियमानुसार पूरा राशन उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, कई ग्रामीणों ने वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान नियमित रूप से नहीं होने की समस्या भी रखी। इसके अलावा सड़क एवं आवागमन, बिजली, पेयजल सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से भी अवगत कराया।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद बरकत खान ने कहा कि सभी मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित स्तर पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

जनसमस्याओं को सुनने के बाद बरकत खान ने ग्रामीणों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में भी जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपने तथा परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने और SIR से संबंधित किसी भी नोटिस या सूचना को गंभीरता से लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को SIR से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित समय पर संबंधित BLO (बूथ लेवल अधिकारी) के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी जानकारी एवं दस्तावेजों का सत्यापन कराएं। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों और भ्रम से बचने तथा SIR से संबंधित सही जानकारी के लिए BLO एवं अधिकृत माध्यमों का सहारा लेने की अपील की।

बरकत खान ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे, इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को SIR की प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग करने का कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुखिया शेरोफिना हेम्ब्रम, वार्ड सदस्य होपनमई मरांडी, जीवनपुर प्रधान मायनो हेम्ब्रम, कोटालपोखर प्रधान बुदलूम रजवाड़, बिनोद घोष, कारमेल हेम्ब्रम, सुहागिनी मरांडी, दुर्गा मरांडी, होपना मरांडी, सरोज मरांडी, कुलु दासी देवी, मरियम मरांडी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!