राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उपायुक्त ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण।
डबल लॉक एवं सीलबंद विधानसभा कक्षों को नियमानुसार खोलकर ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का किया भौतिक सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, साहिबगंज दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस के डबल लॉक एवं सीलबंद तीनों विधानसभा कक्षों को नियमानुसार खोला गया। इसके बाद सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उनके सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया गया।

उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी प्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था एवं समग्र सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था चौबीसों घंटे सक्रिय और प्रभावी रखी जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।
इस दौरान वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुनः डबल लॉक कर विधिवत सीलबंद कर दिया गया।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।




