18 जुलाई को साहिबगंज में लगेगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस मामलों का होगा निःशुल्क और सौहार्दपूर्ण निपटारा।
एनआई एक्ट के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के त्वरित समाधान की तैयारी तेज, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

साहिबगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली तथा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार चेक बाउंस (परक्राम्य लिखत अधिनियम/नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) से संबंधित मामलों के त्वरित, निःशुल्क एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे के उद्देश्य से 18 जुलाई, 2026 को साहिबगंज में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत में एनआई एक्ट के तहत न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का भी आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
इस संबंध में मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहिबगंज अखिल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में न्यायिक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष लोक अदालत के सफल, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चेक बाउंस से संबंधित चिन्हित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए पूर्व-लोक अदालत काउंसिलिंग तत्काल प्रारंभ की जाएगी। साथ ही, चिन्हित मामलों की सूची झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची को भेजी जा रही है, ताकि निर्धारित तिथि पर अधिक से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार ने निर्देश दिया कि संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस उपलब्ध कराना तथा उसकी तामिला सुनिश्चित करने के लिए पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (न्याय मित्र) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं समझौता कराने के लिए विधिक मध्यस्थों का सहयोग लिया जाएगा, जिससे विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं स्थायी समाधान संभव हो सके।
विशेष लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत होर्डिंग, बैनर, प्रिंट मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से लोगों को विशेष लोक अदालत की उपयोगिता, प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी दी जा रही है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार ने जिले के नागरिकों, व्यवसायियों तथा चेक बाउंस मामलों से जुड़े सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे इस विशेष लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने मामलों का निःशुल्क, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक पक्षकार अपने मामलों के निबंधन एवं समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय मुख्य भवन, प्रथम तल, साहिबगंज अथवा अनुमंडल विधिक सेवा समिति, राजमहल में आवेदन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9471521725, ई-मेल: dlsasahibganj@gmail.com तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।




