समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की उपायुक्त ने की व्यापक समीक्षा।
तीन माह के भीतर रिक्त पदों पर नियुक्ति पूरी करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, निर्माणाधीन भवनों, सेविका-सहायिका नियुक्ति, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त ने हाल ही में नियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें आवंटित प्रखंड एवं सेक्टर की जानकारी ली। जिन पर्यवेक्षिकाओं को अब तक सेक्टर आवंटित नहीं किया गया है, उनके लिए दो दिनों के भीतर सेक्टर आवंटित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
उपायुक्त ने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण करने और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, भवन की स्थिति, सेविका एवं सहायिका की नियुक्ति तथा रिक्त पदों एवं सेवानिवृत्ति संबंधी मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।

बैठक के दौरान नव-निर्मित आंगनबाड़ी भवनों में वर्तमान में किराये अथवा जर्जर भवनों में संचालित केंद्रों के स्थानांतरण की समीक्षा की गई। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के निकट स्थित लगभग 390 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है, जहां किराये या जर्जर भवनों में संचालित केंद्रों को स्थानांतरित किया जा सकता है।
उपायुक्त ने महिला पर्यवेक्षिकाओं को संबंधित केंद्रों एवं विद्यालय परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत होने तथा शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को विभागीय एवं अन्य मदों से संचालित निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यान्वयन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों में इन मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, उनका प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवस्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका चयन एवं सामान्य स्वीकृत केंद्रों में सेविका-सहायिका नियुक्ति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर ली जाए, ताकि लाभुकों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सेविका-सहायिका मानदेय भुगतान, पोषण ट्रैकर, ABHA ID तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
पोषण ट्रैकर के अंतर्गत नए गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों के SAAMAR-CMAM कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत कम प्रगति पर उपायुक्त ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कुपोषण उन्मूलन के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाएं समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूर्ण संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




