राजमहल में विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश।
बीडीओ मो. यूसुफ ने पंचायत सचिवों, जनसेवकों और अभियंताओं को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ की अध्यक्षता में विकास योजनाओं एवं विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, 15वें वित्त आयोग, निर्वाचन कार्य, जनगणना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा लघु सिंचाई गणना समेत विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के सत्यापन कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रत्येक पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।

बीडीओ ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि कार्यों के साथ-साथ संबंधित अभिलेखों का संधारण भी व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लघु सिंचाई गणना की समीक्षा के दौरान बीडीओ ने सभी जनसेवकों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण करते हुए 30 जून तक इसकी रिपोर्ट जमा करना सुनिश्चित करें।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के क्रम में प्रखंड की पांच सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के पंचायत सचिवों को एक सप्ताह के भीतर कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

बैठक में लंबित विकास योजनाओं पर विशेष चर्चा करते हुए सभी कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं तथा पूर्ण योजनाओं को एमआईएस पोर्टल पर भी अद्यतन करें।
निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों की मैपिंग में प्रगति लाने तथा एएसडीडी सूची निर्धारित समय पर जमा करने का निर्देश दिया गया। बीडीओ ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरे किए जाएं।
बैठक में पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ श्वेता, गगन बापू, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, प्रधान सहायक गौतम कुमार झा, प्रमोद कुमार, रवि कांत रवि, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता मो. एहसानुल जमील, भैया बेसरा, दीप नारायण मंडल, विनोद मंडल, राकेश कुमार, राजीव रंजन, मो. शाहजहां अंसारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


