साहिबगंज में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न।
व्यापार एवं उद्योग जगत को नई दिशा देने का संकल्प, बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित।

साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में व्यापार, उद्योग, प्रशासन, विधि, शिक्षा तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (झारखंड चैंबर) के महासचिव रोहित अग्रवाल तथा सह सचिव रोहित पोद्दार ने नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय भुवानिया एवं अंकित केजरीवाल, सचिव मोहित बेगराजका, सह सचिव पिंटू साह एवं अजय डोकानिया, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि एवं झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की नई कार्यकारिणी के गठन से क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग जगत को नई दिशा और नई ऊर्जा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड चैंबर राज्यभर की संबद्ध संस्थाओं के साथ मिलकर व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान, औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
झारखंड चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि एक सशक्त एवं संगठित मंच ही व्यापारिक समुदाय की सबसे बड़ी शक्ति होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों को एक प्रभावी मंच प्रदान करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

झारखंड चैंबर, संथाल परगना प्रमंडल के उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि साहिबगंज सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र में व्यापार एवं उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाने का कार्य करेगी तथा अधिकाधिक व्यापारियों को झारखंड चैंबर से जोड़कर उन्हें राज्यस्तरीय मंच का लाभ दिलाने का प्रयास करेगी।
झारखंड चैंबर की संबद्ध इकाई के अध्यक्ष साहित्य पवन ने कहा कि संबद्ध संस्थाएं संगठन की रीढ़ होती हैं और उनका सक्रिय योगदान ही संगठन को नई पहचान एवं मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि साहिबगंज की नई कार्यकारिणी स्थानीय व्यापारिक समुदाय को सशक्त बनाने के साथ-साथ संगठनात्मक विस्तार को भी नई गति देगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करेगी। उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा व्यापारिक समुदाय की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।
समारोह में समाजसेवी चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, डॉ. विजय कुमार, डॉ. कमल कुमार माहवार, अधिवक्ता कृष्णानंद माहवर, ललित स्वदेशी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नव निर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सचिव मोहित बेगराजका ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम भव्य एवं सफल रहा।


