झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित, कमेटी का हुआ पुनर्गठन।
मजदूरों के हक और न्यूनतम मजदूरी को लेकर संगठन को मजबूत बनाने पर दिया गया जोर।

साहिबगंज। जिले के पतना प्रखंड अंतर्गत नव उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, मोदिकोला संथाली टोला में मंगलवार, झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सह प्रभारी सुभाष टुडू ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तरीय कमेटी का पुनर्गठन तथा संगठन को मजबूत बनाना था। इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव, जिला प्रवक्ता सह प्रखंड प्रभारी अंसार खान एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि जिले भर के मजदूरों को उनका अधिकार और न्यूनतम मजदूरी दिलाने के लिए संगठन को धारदार एवं मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।
इस दौरान श्रम कानूनों एवं मजदूरों के अधिकारों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। वक्ताओं ने मजदूरों से संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

बैठक में सर्वसम्मति से पतना प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन किया गया। इसमें सुभाष टुडू को प्रखंड अध्यक्ष तथा सुनील माल्टो को संगठन मंत्री चुना गया।
बैठक में मोनिका सोरेन, रसिक टुडू, विश्वनाथ टुडू, प्रेमचंद राय, राणा मंडल, कपू मुर्मू एवं चुरकी बेसरा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



