विश्व पर्यावरण दिवस पर गंगा स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन।
“स्वच्छ गंगा, हरित धरती और सुरक्षित भविष्य” का लिया गया संकल्प।

राजमहल साहिबगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत राजमहल द्वारा शुक्रवार को वार्ड संख्या-03 स्थित नमामि गंगे घाट काली घाट में विशेष गंगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो. मारूफ एवं कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।
अभियान के तहत गंगा तट की व्यापक साफ-सफाई की गई तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों से गंगा को स्वच्छ बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

स्वच्छता अभियान के उपरांत व्यवहार न्यायालय परिसर, राजमहल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों एवं नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में संजीव कुमार सिंह, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, वैशाली श्रीवास्तव, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-प्रथम, पूर्णेंदु शरण, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-तृतीय, कमला कुमारी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग प्रथम), रणजय कुमार, सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग तृतीय) एवं न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, हस्मुद्दीन वारिस, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी, राजमहल तथा मानसी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सहित न्यायालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने हेतु शपथ ग्रहण कर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों से वृक्षारोपण एवं स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षद, सिटी मैनेजर, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा नगर पंचायत के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

“स्वच्छ गंगा, हरित धरती और सुरक्षित भविष्य” के संकल्प के साथ आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा। नगर पंचायत राजमहल द्वारा आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता एवं हरियाली के प्रति लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।



