राजमहल विधायक एमटी राजा ने तीनपहाड़ अग्निकांड पीड़ित दुकानदारों का जाना हाल, हर संभव सहायता का दिया भरोसा।
प्रशासन से त्वरित मदद का निर्देश, सांसद विजय कुमार हांसदा को भी दी घटना की जानकारी।

तीनपहाड़ साहिबगंज। मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने तीनपहाड़ सब्जी मंडी में हुई आगजनी की घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। पीड़ितों की स्थिति से अवगत होने के उपरांत उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल राहत पहुंचाने के लिए पहल की।
विधायक ने राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी तथा साहिबगंज जिला के अपर समाहर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर घटना की जानकारी दी और पीड़ित दुकानदारों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस दौरान अपर समाहर्ता ने आश्वस्त किया कि प्रशासनिक टीम शीघ्र ही मौके का जायजा लेकर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को आवश्यक सरकारी सहायता प्रदान करेगी।
विधायक ने इस घटना की जानकारी विजय कुमार हांसदा को भी दी, ताकि केंद्र एवं राज्य स्तर पर समन्वय कर राहत कार्य को और प्रभावी बनाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने विधायक की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द राहत और पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।




