Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण।

13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, 3653 परीक्षार्थियों ने ली परीक्षा में भागीदारी।

साहिबगंज। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाएं, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षण व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए।

यह परीक्षा साहिबगंज जिला मुख्यालय के कुल 13 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिनमें राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसेफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ शामिल हैं।

परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया गया। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक, द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक इस परीक्षा में कुल 3653 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।16 पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, 06 जोनल सह उड़नदस्ता दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द को प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा को नोडल पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत को वरीय प्रभारी पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे शांतिपूर्वक एवं नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए कि परीक्षा की पवित्रता और गोपनीयता हर हाल में बनाए रखें।

जिला प्रशासन की सतर्कता एवं सुदृढ़ व्यवस्था के कारण साहिबगंज में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!