Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज कॉलेज में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न।

भव्य शोभायात्रा, विचार गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गूंजा “जय भीम”; वक्ताओं ने सामाजिक न्याय और शिक्षा के महत्व पर दिया जोर।

साहिबगंज कॉलेज परिसर में भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन मॉडल कॉलेज, साहिबगंज के प्राचार्य डॉ. रंजित कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास से निकाली गई भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कॉलेज परिसर में भ्रमण करती इस यात्रा के दौरान “जय भीम” और बाबा साहेब के विचारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. रंजित कुमार सिंह, संजीव रजक, दिवाकर, अभिलाषा, छोटू पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विचार-विमर्श गोष्ठी में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रंजित कुमार सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर शिक्षित, संगठित और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य सैयद रज़ा इमाम रिजवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल एक महान विधिवेत्ता और संविधान निर्माता थे, बल्कि वे सामाजिक समानता, शिक्षा और मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक एवं प्रेरणास्रोत भी थे।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्र-छात्राओं ने गीत, भाषण एवं नृत्य के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सिदाम सिंह मुंडा, डॉ. प्रमोद दास, डॉ. सैमी विक्टर मरांडी, डॉ. संतोष कुमार चौधरी, डॉ. दिनेश कुमार यादव, डॉ. प्रसन्नजीत, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. रीना कुमारी, डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. सुनीता कुमारी तथा छात्र प्रतिनिधि विनोद मुर्मू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अंत में राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन ने उपस्थित लोगों के मन में बाबा साहेब के विचारों के प्रति नई ऊर्जा, जागरूकता और प्रेरणा का संचार किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!