खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के खिलाड़ियों का कमाल, साहिबगंज अंडर-17 टीम बनी राज्य चैंपियन।
धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, लौटने पर जिला खेल कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत।

साहिबगंज। झारखंड राज्य कुश्ती संघ एवं धनबाद जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में धनबाद के महुदा में 05 से 06 अप्रैल तक आयोजित अंडर-17 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस उपलब्धि के पीछे चांद भैरव इनडोर स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया।
प्रतियोगिता से धनबाद से लौटने पर जिला खेल कार्यालय में सभी विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रीको-रोमन कुश्ती 51 किग्रा – करण कुमार – स्वर्ण पदक, 45 किग्रा – राहुल कुमार गोंड – रजत पदक, 60 किग्रा – राजू यादव – रजत पदक, 71 किग्रा – सत्यम कुमार – रजत पदक, 80 किग्रा – मोनू कुमार चौधरी – रजत पदक, 55 किग्रा – आदित्य कुमार यादव – कांस्य पदक, 55 किग्रा – समीर कुमार यादव – कांस्य पदक
फ्रीस्टाइल कुश्ती 48 किग्रा – ऋषि कुमार चौधरी – स्वर्ण पदक, 51 किग्रा – अंकुश कुमार यादव – स्वर्ण पदक, 60 किग्रा – बल्लव कुमार चौधरी – रजत पदक, 65 किग्रा – सोनू कुमार – स्वर्ण पदक
महिला कुश्ती 57 किग्रा – श्रुति कुमारी – स्वर्ण पदक, 43 किग्रा – मुस्कान कुमारी – कांस्य पदक, 53 किग्रा – निशा कुमारी – कांस्य पदक
इस अवसर पर खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के कोच प्रकाश सिंह बादल, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, कोच योगेश यादव, कार्यालय कर्मी गौरव प्रियदर्शी, सुरेंद्र कुमार, समा प्रवीण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं जिला कुश्ती संघ की सचिव नमिता कुमारी एवं जिले के खेल प्रेमियों ने भी सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
साहिबगंज के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के माध्यम से उभर रही प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगी।




