विश्व स्वास्थ्य दिवस पर साहिबगंज में जागरूकता अभियान, ‘हमारा स्वास्थ्य, हमारा अधिकार’ का लिया गया संकल्प।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के नेतृत्व में जिलेभर में पीएलवी–न्याय मित्रों ने चलाया सघन अभियान, स्वास्थ्य अधिकार और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।

साहिबगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ‘हमारा स्वास्थ्य, हमारा अधिकार’ के संकल्प के साथ जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
इस अभियान का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अखिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें पीएलवी पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं न्याय मित्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होने की अवस्था है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त करना उसका मौलिक अधिकार है। साथ ही, उन्होंने लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल, नियमित योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।सचिव ने विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसा वातावरण बनाना चाहिए, जहाँ प्रभावित व्यक्ति बिना किसी संकोच के सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य से संबंधित सरकारी योजनाओं, मुफ्त चिकित्सा उपचार से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा विधिक सेवा संस्थानों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।इसके साथ ही बैनर-पोस्टर के माध्यम से जागरूकता फैलायी गई और लोगों के बीच पंपलेट वितरित किए गए।अभियान के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन संख्या 15100 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि जरूरतमंद लोग स्वास्थ्य अधिकारों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की सहायता के लिए संपर्क कर सकें।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पहुंचाना और उन्हें उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराना है।कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘स्वस्थ साहिबगंज’ के निर्माण का संकल्प लिया और इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।




