झारखंड

बाल विवाह मुक्त पाकुड़ के निर्माण में सभी की सहभागिता जरूरी : बसंती ग्लाडिस बाड़ा।

‘तारा’ अभियान के तहत तीन चरणों में संचालित होगा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, अगले तीन वर्षों में पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य।

पाकुड़ । अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पहल ‘तारा’ (TARA – Together for Adolescent Rights and Aspirations) अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, समुदायों, धार्मिक संगठनों, धर्मगुरुओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने बताया कि ‘तारा’ अभियान के माध्यम से अगले तीन वर्षों में पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अभियान को तीन चरणों में विभाजित कर योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके तहत संबंधित हितधारकों का प्रशिक्षण, व्यापक जन-जागरूकता अभियान तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इसके उन्मूलन के लिए परिवार, समाज, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विशेष रूप से किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों से ‘तारा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, निरंतर जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा का पूर्ण उन्मूलन संभव है। सभी के सहयोग और प्रतिबद्धता से निर्धारित समय सीमा में पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!