झारखंड

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 21 लाभुकों के आवेदन स्वीकृत।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई बैठक, जरूरतमंद अनुसूचित जनजाति के लोगों को मिलेगी आर्थिक सहायता।

पाकुड़। समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों के विभिन्न बीमारियों से ग्रसित अनुसूचित जनजाति वर्ग के 21 लाभुकों के आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत सभी 21 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। इस पहल से जरूरतमंद लाभुकों को उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य के लिए पौष्टिक आहार तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत वयस्क लाभुकों को 3,000 से 5,000 रुपये तक तथा अवयस्क लाभुकों को 1,500 से 2,500 रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाती है। वहीं, कैंसर से पीड़ित वयस्क लाभुकों को अधिकतम 25,000 रुपये तथा अवयस्क लाभुकों को 15,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभुकों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र सहित निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!