मजदूरों की दस सूत्री मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघ का धरना-प्रदर्शन।
रैक साइडिंग में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग, डीआरएम को सौंपा मांग पत्र।

साहिबगंज। साहिबगंज जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्थित रैक साइडिंग में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं और यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर झारखंड मजदूर संघ ने आवाज बुलंद की है। मजदूरों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, रैक साइडिंग में उड़ने वाले धूलकणों पर नियंत्रण के लिए नियमित जल छिड़काव तथा विभिन्न एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव सहित दस सूत्री मांगों को लेकर संघ की ओर से मालदा स्टेशन के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन रणधीर प्रसाद चौरसिया ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव सहित संघ की केंद्रीय एवं जिला कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी, करमटोला, सकरीगली, तालझारी, तीनपहाड़, बाकुडी और बरहरवा समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों की रैक साइडिंग में काम करने वाले मजदूर आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। मजदूर दिन-रात मेहनत कर रेलवे के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, लेकिन उनके लिए पेयजल, शौचालय, विश्राम भवन और चिकित्सा सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। रैक साइडिंग में उड़ने वाले धूलकणों से श्रमिकों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेल प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

संघ की ओर से मांग की गई कि जिले के सभी रेलवे स्टेशनों और रैक साइडिंग में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था की जाए। रैक लोडिंग स्थलों पर बिजली, नियमित जल छिड़काव और प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने की व्यवस्था हो। सभी कार्यरत लोडिंग मजदूरों को पहचान पत्र जारी करने के साथ उनके लिए श्रमिक विश्राम भवन और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा बाकुडी रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज को छत सहित विस्तारित कर प्लेटफॉर्म संख्या-2 से प्लेटफॉर्म संख्या-5 स्थित साइडिंग तक पहुंचाने की मांग भी उठाई गई। रेल यातायात को बेहतर बनाने के लिए फरक्का एक्सप्रेस (15743/15744) और मालदा-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13409/13410) का अप एवं डाउन में तालझारी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर ट्रेन (53030) के माध्यम से बरहरवा से दुमका तक सीधी रेल सेवा शुरू करने तथा मुंबई लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15648) का सप्ताह में दो दिन ठहराव देने की मांग रखी गई।
संघ ने अजमेर वीकली हमसफर एक्सप्रेस (13423) का विस्तार मालदा जंक्शन से अजमेर जंक्शन तक करने और साहिबगंज से मालदा के लिए सुबह 10 बजे नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी दस सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन डीआरएम कार्यालय में डीआरएम को सौंपा।

इस मौके पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष सईद अख्तर, जिला महामंत्री इमाम विश्वास, कृष्णा यादव गुलाम सरवर, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी, केंद्रीय मंत्री गणेश ठाकुर, विकास पहाड़िया, मास्टर राहुल, अमित मास्टर, मुखलेश्वर राम, राकेश सुर, जितेंद्र रजक, निजामुद्दीन शेख, वाल्मीकि पासवान, भोला यादव, संजय रजक, मुन्ना यादव, मनोज कुमार, सरोज कुमार, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।



