जमीन विवाद में बाउंसर एजेंसी के मालिक समेत पांच गिरफ्तार।
सिमलढाब में जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंचे थे बाउंसर, पुलिस की छापेमारी में साहिबगंज और गोड्डा से हुई गिरफ्तारी।

साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्फा बाउंसर एजेंसी के संस्थापक सह मालिक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एजेंसी का मालिक शिवम कुमार और बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य तीन लोग शामिल हैं। इस संबंध में बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में मोहन सोरेन, पिता फाटे सोरेन, निवासी सिमलढाब के आवेदन पर बरहेट थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत जोन चुंडा हांसदा समेत पांच नामजद एवं दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में दोबारा बाउंसरों को बुलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल गांव पहुंचकर छापेमारी की।

इस दौरान अल्फा बाउंसर एजेंसी के संस्थापक सह मालिक शिवम कुमार (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्रयाग नारायण साह, निवासी गंगटा चौक, थाना नगर, जिला गोड्डा तथा बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा (32 वर्ष), पिता सुभाष चंद्र मिश्रा, निवासी चकेंश्वरी, थाना मुफस्सिल, जिला गोड्डा को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित ग्रीन होटल के पास रहने वाले पीयूष कुमार (20 वर्ष) तथा गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा निवासी ललन कुमार सिंह और नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड निवासी सुधांशु रंजन को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में अल्फा बाउंसर एजेंसी के मालिक शिवम कुमार ने बताया कि वह पैसे लेकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का काम करता है। उसके अधीन करीब 18 से 20 युवक बाउंसर के रूप में काम करते हैं। उसने यह भी बताया कि उसके पास एक लाइसेंसी एयर गन है, जिसके कारण उसे अच्छी आमदनी होती है। पूछताछ में उसके अनुसार, जोन चुंडा हांसदा, जो एसडीओ पीडब्ल्यूडी चतरा के पद पर कार्यरत बताए गए हैं, ने अपनी निजी जमीन पर कब्जा कराने के उद्देश्य से उससे संपर्क किया था। इसके बाद 17 नवंबर को बाउंसरों के साथ सिमलढाब गांव पहुंचा था। इसी दौरान बरहेट थाना पुलिस के आने की सूचना मिलने पर मामला बिगड़ता देख वह अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया था।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी दल में बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार, शंभू शंकर सिंह, विक्रम कुमार, जितेंद्र मरांडी, बरहेट थाना के सशस्त्र बल, चौकीदार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




