सेंट जेवियर स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति किया जागरूक।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत साहिबगंज स्थित सेंट जेवियर स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, साहिबगंज दीपक कुमार दुबे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। इसके साथ ही सड़क पर चलते समय सतर्कता बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवार और समाज तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा नेक नागरिक (गुड समैरिटन) की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को समझाया गया, ताकि समय पर मदद मिलने से अनमोल जीवन बचाया जा सके।
मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, सेंट जेवियर स्कूल के प्राचार्य फादर अरोकिया जूलियन एस.जे., रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




