असफलता ही सफलता की जननी है, निरंतर प्रयास से ही मिलती है मंजिल कैप्टन सागर सिंह।
रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य का चयन करें, मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता अवश्य मिलेगी डॉ. रणजीत कुमार सिंह।

साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय के नंदन भवन में विद्यार्थियों के करियर निर्माण एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर जम्मू-कश्मीर में तैनात सागर सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेटों को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि असफलता ही सफलता की जननी है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए।
बिहार के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत बसंतपुर गांव निवासी समाजसेवी अनिल कुमार सिंह के पुत्र कैप्टन सागर सिंह ने अपनी शैक्षणिक यात्रा और सेना में चयन तक के अनुभवों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि गुजरात के जामनगर जिले स्थित बालाचड़ी सैनिक स्कूल से 12वीं की शिक्षा प्राप्त करने के बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एनडीए के माध्यम से भारतीय सेना में चयनित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्षा सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कैप्टन सागर सिंह एवं उनके पिता अनिल कुमार सिंह का शॉल एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि कैप्टन सागर सिंह जैसे व्यक्तित्व समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। आज वे देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी उपलब्धि पर उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गर्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैप्टन सागर सिंह के अनुभवों से प्रेरित होकर अनेक विद्यार्थी रक्षा क्षेत्र को अपने करियर के रूप में चुनने के लिए प्रोत्साहित होंगे। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुनने और जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीएड विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. नितिन कुमार घोष ने किया।

इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अनु सुमन बाड़ा, डॉ. दिनेश कुमार यादव, डॉ. रूपा, प्रो. कोमल कुमारी, डॉ. मोहम्मद हसनैन, एनसीसी सीनियर शंकर यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




