झारखंड

जिला स्तरीय ELC क्विज प्रतियोगिता आयोजित, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तीन विद्यार्थियों का चयन।

बोरियो, राजमहल एवं बरहेट विधानसभा क्षेत्रों के 34 विद्यार्थियों ने लिया भाग, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े सवालों पर परखी गई प्रतिभा।

साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय, साहिबगंज के तत्वावधान में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बोरियो, राजमहल एवं बरहेट विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 34 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदान का महत्व, मतदाताओं के अधिकार एवं कर्तव्य, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी एवं प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना आवश्यक है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने तथा भविष्य में जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इनमें प्रथम स्थान पर शंभव शिवमणि, प्रोजेक्ट हाई स्कूल, राजमहल; द्वितीय स्थान पर करण कुमार दास, श्रीपुर बाजार, बोआरीजोर तथा तृतीय स्थान पर सौरव कुमार, सेंट जॉन बर्चनाम हाई स्कूल, मुंडली, राजमहल रहे। तीनों चयनित विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य किशोर एवं युवा वर्ग को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना, उन्हें मतदाता अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र में सक्रिय नागरिक सहभागिता के महत्व को समझाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!