झारखंड स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीडीसी ने की समीक्षा बैठक।
सभी प्रखंडों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने और शत-प्रतिशत जनभागीदारी सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।

साहिबगंज। उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्थापना दिवस समारोह को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान VB-G RAM G, आवास योजना, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी JSLPS तथा पंचायती राज विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों, कार्ययोजना और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर भी चर्चा की गई।

उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर निर्धारित कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जनहितकारी तरीके से आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, शत-प्रतिशत जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी विभागीय निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।




