राजमहल नगर पंचायत में पेयजलापूर्ति की समस्या दूर, आज दोपहर से बहाल होगी नियमित जलापूर्ति।
चार-पांच दिनों से बाधित थी पानी की सप्लाई, सूर्य मंदिर छठ घाट की हाईमास्ट लाइट भी हुई दुरुस्त; घाटों की साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य तेज।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से जल्द राहत मिलने वाली है। पिछले चार-पांच दिनों से तकनीकी खराबी के कारण बाधित जलापूर्ति की समस्या दूर कर ली गई है। नगर पंचायत केताबुद्दीन शेख ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद से नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने असुविधा के लिए नगरवासियों से खेद जताते हुए उनके सहयोग और धैर्य के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, छठ पूजा की तैयारियों के तहत सूर्य मंदिर छठ घाट पर करीब एक वर्ष से खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को भी दुरुस्त करा दिया गया है। इससे घाट परिसर में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी और व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा केताबुद्दीन शेख ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, स्वच्छता और समतलीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। नगर के विकास और छठ पूजा की बेहतर व्यवस्था के लिए पूरी टीम लगातार प्रयासरत है।



